गोड्डा में ट्रिपल मर्डर: डायन के शक में कुल्हाड़ी से दंपती और बेटे की हत्या

Shashi Bhushan Kumar

झारखंड के गोड्डा जिले में अंधविश्वास की खौफनाक घटना सामने आई है। डायन बिसाही के शक में एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

यह वारदात देवदांड थाना क्षेत्र के डांगा टोला में मंगलवार को हुई, जहां असामाजिक तत्वों ने धारदार हथियार से पति-पत्नी और उनके नाबालिग बेटे को मौत के घाट उतार दिया।

मृतकों की पहचान 50 वर्षीय दरबारी मुर्मू, उनकी 45 वर्षीय पत्नी मक्कू बास्की और 12 वर्षीय बेटे जीतनारायण मुर्मू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों को सुबह घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी, थाना प्रभारी अमित मालवी और महावीर पंडित पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला अंधविश्वास से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

इस घटना ने एक बार फिर समाज में फैले अंधविश्वास और कुप्रथाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए

Share This Article
शशी भूषण कुमार | पत्रकार (Journalist)- शशी भूषण कुमार 12+ वर्षों के अनुभव वाले पत्रकार हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्य करते हुए वर्तमान में Live 7 TV.com में सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में संपादकीय नेतृत्व और न्यूज़ प्लानिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे पिछले तीन वर्षों से झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग के गेस्ट फैकल्टी भी हैं। ग्रामीण पत्रकारिता पर शोध कार्य से जुड़े रहते हुए वे जमीनी और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Leave a Comment