RANCHI
रांची पुलिस ने शहर में संभावित आपराधिक घटना को टालते हुए तीन संदिग्धों को अवैध हथियारों के साथ हिरासत में लिया है। कार्रवाई बिरसा मुंडा हवाई अड्डा क्षेत्र के निकट की गई।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि कुछ लोग जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में हथियारों का आदान-प्रदान कर कारोबारियों को डराने और गोलीबारी की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक प्रमोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने हवाई अड्डे की दक्षिणी चहारदीवारी के पास घेराबंदी कर दो व्यक्तियों को पकड़ा। उनसे मिली जानकारी के आधार पर तीसरे व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार लोगों की पहचान पंकज कुमार उर्फ सोनू शर्मा, रियांश सिंह उर्फ स्वतंत्र उर्फ आरडीएक्स (दोनों निवासी धुर्वा) और अश्विनी कुमार पर्वता उर्फ कटप्पा उर्फ जॉनी (निवासी पतरातू, रामगढ़) के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि अश्विनी कुमार पर हथियार और कारतूस की व्यवस्था करने तथा व्यापारियों को धमकी भरे संदेश भेजने के आरोप हैं। तलाशी के दौरान एक देशी पिस्तौल, दो मैगजीन, 15 जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। जब्त सामग्री को विधि अनुसार सील कर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस संबंध में जगन्नाथपुर थाना में मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस अन्य संभावित सहयोगियों और हथियार आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि राजधानी में संगठित अपराध के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

