JAMSHEDPUR
गुरुवार को शहर में आयोजित दो कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद एयरपोर्ट लौट रहीं द्रौपदी मुर्मु ने बारिडीह क्षेत्र में अचानक अपना काफिला रुकवा दिया। वह वाहन से उतरकर सीधे सड़क किनारे खड़े लोगों के बीच पहुंचीं और उनका अभिवादन स्वीकार किया।
राष्ट्रपति ने बच्चों से मुलाकात की और उन्हें चॉकलेट वितरित किए। अचानक अपने बीच राष्ट्रपति को देखकर वहां मौजूद लोगों में उत्साह बढ़ गया। कदमा में कार्यक्रम समाप्त करने के बाद उनका काफिला तय मार्ग से बारिडीह पहुंचा, जहां मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज के बाहर बड़ी संख्या में लोग पहले से एकत्र थे। कई लोग तिरंगा लिए खड़े थे और राष्ट्रपति की एक झलक पाने का इंतजार कर रहे थे।
जैसे ही काफिला कॉलेज परिसर से बाहर निकला, लोगों ने उत्साह के साथ नारे लगाए। राष्ट्रपति ने वाहन रोकने का निर्देश दिया और सुरक्षा घेरे के बीच पैदल चलते हुए करीब डेढ़ सौ कदम तक लोगों से मुलाकात की। उन्होंने हाथ जोड़कर अभिवादन किया और मुस्कुराते हुए संवाद भी किया। बच्चों को चॉकलेट मिलने पर वे खुशी से झूम उठे, जबकि कई अभिभावक इस पल को अपने मोबाइल में कैद करते नजर आए।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही, लेकिन आम नागरिकों से मुलाकात में कोई व्यवधान नहीं आने दिया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने राष्ट्रपति की सादगी और आत्मीय व्यवहार की सराहना की।
यह पहला अवसर नहीं है जब राष्ट्रपति ने प्रोटोकॉल से हटकर लोगों से मुलाकात की हो। पिछले वर्ष दिसंबर में एनआईटी जमशेदपुर के दीक्षांत समारोह में भाग लेने के बाद भी उन्होंने रास्ते में रुककर लोगों का अभिवादन किया था।

