PATNA
बिहार में मकर संक्रांति के अवसर पर राजनीतिक पार्टियों और नेताओं द्वारा दही-चूड़ा भोज का आयोजन जारी है। इस बीच, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान और विधायक चेतन आनंद ने गुरुवार को भोज कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का स्वागत करते हुए चिराग पासवान ने उन्हें सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय रामविलास पासवान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह, सांसद अरुण भारती, विधायक मुरारी प्रसाद गौतम और जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसी क्रम में जदयू विधायक चेतन आनंद के आवास पर आयोजित दही-चूड़ा भोज कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। चेतन आनंद ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री को प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम में सांसद लवली आनंद, विधायक श्याम रजक, विधायक रत्नेश सादा और पूर्व सांसद आनंद मोहन भी उपस्थित थे।
14 जनवरी को तेजप्रताप यादव के आवास पर आयोजित दही-चूड़ा भोज में लालू प्रसाद यादव, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, साधु यादव और चेतन आनंद शामिल हुए थे। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव की अनुपस्थिति ने राजनीतिक चर्चा को भी जन्म दिया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम द्वारा आयोजित दही-चूड़ा भोज में पार्टी के विधायकों के अनुपस्थित रहने की खबर ने भी मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा बढ़ा दी है।

