झारखंड में ठंड और बढ़ेगी, 13–14 जनवरी को शीतलहर का असर

Shashi Bhushan Kumar

झारखंड में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है और आने वाले दिनों में ठिठुरन और बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले तीन दिनों में राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

फिलहाल राज्य के नौ जिलों में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है। इनमें रांची, डालटनगंज, बोकारो, चाईबासा, खूंटी, लोहरदगा, सरायकेला, पाकुड़ और गुमला शामिल हैं। तापमान के आंकड़ों की बात करें तो चाईबासा में अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुमला में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे कम है।


मौसम विभाग ने 13 जनवरी को राज्य के 13 जिलों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। इनमें रांची, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, गढ़वा, चतरा, पलामू और लातेहार शामिल हैं।


इसके अलावा 14 जनवरी को शीतलहर का दायरा और बढ़ सकता है। इस दिन कुल 17 जिलों में ठंडी हवाओं का असर रहने की संभावना है। इनमें रांची के साथ हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, गढ़वा, चतरा, पलामू, लातेहार, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला शामिल हैं।


रांची और आसपास के इलाकों में 13 जनवरी को अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 14 जनवरी को अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम 6 डिग्री, 15 जनवरी को अधिकतम 21 और न्यूनतम 6 डिग्री तथा 16 जनवरी को अधिकतम 22 और न्यूनतम तापमान लगभग 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment