RANCHI
हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से आज 184वें श्री श्याम भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर श्रद्धा और भक्ति से सराबोर नजर आया। सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और हरमू रोड पर लंबी कतारें देखने को मिलीं।

कार्यक्रम के दौरान श्री श्याम मित्र मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका, महामंत्री गौरव अग्रवाल, निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी, उपाध्यक्ष अशोक लड़ियां सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से श्री श्याम भोग का भजन गायन किया। मंदिर में मौजूद सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भजनों के साथ स्वर मिलाते हुए बाबा श्याम से भोग स्वीकार करने की प्रार्थना की।

भंडारे में खाटू नरेश, बजरंगबली, शिव परिवार, लड्डू गोपाल, शालिग्राम, गरुड़ जी एवं गुरुजनों को विधिवत भोग अर्पित किया गया। इसके बाद महाप्रसाद को विशाल भंडारे में सम्मिलित किया गया। सर्वप्रथम मंदिर के आचार्यों को प्रसाद अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
भंडारे के समय मंदिर परिसर और हरमू रोड जयकारों से गूंज उठा। श्री गणेश जी की जयघोष के साथ प्रसाद वितरण की शुरुआत की गई। आज के भंडारे में इडली-चटनी और केसरिया जलेबी का प्रसाद वितरित किया गया। वहीं, खीर-चूरमा का भोग प्रत्येक भंडारे की तरह वेजिटेबल महाप्रसाद के रूप में मंदिर में ही तैयार किया गया।
भोग अर्पण के बाद मंडल के वरिष्ठ सदस्य रतन शर्मा और मंदिर के सहयोगियों द्वारा रांची गौशाला में गौमाता को भी भोजन कराया गया। भंडारे में करीब 2500 से अधिक भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
प्रसाद निर्माण की पूरी व्यवस्था निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी की देखरेख में शुद्धता के साथ की गई। इस आयोजन को सफल बनाने में मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका, महामंत्री गौरव अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रवण ढानढनिया व अशोक लड़ियां, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान, पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू सहित मंडल के वरिष्ठ सदस्यों और 50 से अधिक कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने दी।

