LIVE 7 TV/ RANCHI
निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे की परेशानियां लगातार गहराती जा रही हैं। शराब घोटाले में गिरफ्तारी के बाद अब वे वन भूमि और जमीन आवंटन से जुड़े गंभीर आरोपों की पड़ताल में भी एसीबी के निशाने पर हैं।
सोमवार को एंटी करप्शन ब्यूरो, हजारीबाग की टीम उन्हें पुलिस रिमांड पर लेकर हजारीबाग पहुंची। चौबे को रिम्स के मेडिकल वार्ड में भर्ती रहने के दौरान ही रिमांड पर लिया गया। एसीबी टीम उन्हें सीधे उस मामले में पूछताछ के लिए ले गई जिसमें वन भूमि आवंटन में अनियमितताओं का आरोप है।
कांड संख्या 11/25 में नामजद, कई आरोपों की संयुक्त जांच
वन भूमि घोटाले से जुड़े मामले में चौबे पर कार्रवाई एसीबी हजारीबाग थाना कांड संख्या 11/25 के तहत दर्ज एफआईआर के आधार पर हो रही है। यह मामला 25 सितंबर को दर्ज किया गया था।
एफआईआर में चौबे के साथ उनके करीबी समझे जाने वाले नेक्सजेन ऑटोमोबाइल के संचालक विनय सिंह, उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह सहित अन्य को भी आरोपी बनाया गया है।
अनियमितताओं के कई मामलों में जांच की पकड़ मजबूत
IAS विनय चौबे से जुड़े मामलों की फेहरिस्त लगातार लंबी होती जा रही है।
- पहले शराब घोटाला,
- फिर जमीन घोटाला,
- इसके बाद खासमहाल जमीन और वन भूमि घोटाला,
- साथ ही आय से अधिक संपत्ति की जांच पहले से जारी है।
इसके अतिरिक्त, 24 नवंबर को उनके खिलाफ एक और प्राथमिकी दर्ज की गई जिसमें उनके रिश्तेदारों और परिचितों सहित सात लोगों को आरोपी बनाया गया है। आरोप है कि इन्होंने भ्रष्टाचार के जरिए भारी संपत्ति अर्जित की और कई सरकारी प्रक्रियाओं में हस्तक्षेप किया।

