छात्रा मौत मामला: CBI जांच सौंपने पर तेजस्वी ने सरकार को घेरा

Shashi Bhushan Kumar

पटना: पटना के एक छात्रावास में रहकर नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत के मामले को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपे जाने के बाद बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बिहार के प्रशासनिक तंत्र को भ्रष्ट और अयोग्य करार दिया है।

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि छात्रा के साथ हुई जघन्य घटना की गुत्थी सुलझाने में नाकाम रहने के बाद सरकार ने मामला सीबीआई को सौंप दिया, जिससे यह साफ हो गया है कि राज्य का प्रशासनिक ढांचा कमजोर और गैर-पेशेवर है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह केवल पुलिस की विफलता नहीं, बल्कि पूरी एनडीए सरकार के तंत्र की नाकामी है।

उन्होंने नवरुणा कांड समेत कई पुराने मामलों का हवाला देते हुए कहा कि सीबीआई वर्षों तक जांच चलाती रही, लेकिन दोषियों को सजा नहीं मिल सकी। उनका कहना था कि इस मामले में भी ऐसा ही होने की आशंका है।

तेजस्वी यादव ने सवाल उठाया कि चुनाव के समय “जंगलराज” का नारा देने वाले अब चुप क्यों हैं और राज्य की बदहाल कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार सिर्फ सुर्खियां बटोरने के लिए कदम उठा रही है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अनुरोध पर केंद्र सरकार ने इस मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी है। उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से दी थी। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment