शिवानंद मरांडी का राष्ट्रीय अंडर-14 फुटबॉल टीम में चयन, कोशी में खुशी की लहर

Shashi Bhushan Kumar

मध्य प्रदेश के रीवा में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता में इस बार सहरसा के उभरते फुटबॉल खिलाड़ी शिवानंद मरांडी बिहार अंडर-14 टीम की ओर से खेलते नजर आएंगे। इससे पहले इसी गांव से बाबूजी बेसरा अंडर-19 बिहार टीम में चयनित होकर मणिपुर में अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। अब शिवानंद पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर अपना कौशल दिखाने जा रहे हैं।

सहरसा जिला फुटबॉल एवं एथलीट विंग के संयुक्त सचिव तथा राष्ट्रीय कोच नीतिश मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता 1 दिसंबर से रीवा में शुरू होगी। शिवानंद का चयन टाउन फुटबॉल क्लब परिवार और कोशी क्षेत्र के फुटबॉल प्रेमियों के लिए गर्व का क्षण है। बिहार टीम के मुख्य कोच पूर्णिया के रोबिन सोरेन हैं।

शिवानंद मरांडी एक साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता दिनेश मरांडी राजमिस्त्री का काम करते हैं और माता पूनम देवी गृहणी हैं। बसियाघाट जैसे पिछड़े क्षेत्र से फुटबॉल की शुरुआत करने वाले शिवानंद वर्तमान में उत्क्रमित मध्य विद्यालय बसियाघाट में कक्षा 8 के छात्र हैं। कठिन परिश्रम और लगन के दम पर उन्होंने टाउन फुटबॉल क्लब सहरसा के लिए खेलना शुरू किया और गुरु ब्रह्मदेव हांसदा के मार्गदर्शन में बिहार टीम तक का सफर तय किया।

मरांडी के चयन पर जिला खेल पदाधिकारी वैभव कुमार, सहरसा जिला फुटबॉल एंड एथलेटिक्स विंग के अध्यक्ष रघुनाथ प्रसाद यादव, जिला खिलाड़ी संघ के सचिव रोशन सिंह धोनी सहित कई खेल जगत से जुड़े लोगों ने बधाई दी। विभिन्न फुटबॉल क्लबों के अध्यक्ष, सचिव, राष्ट्रीय खिलाड़ी और जन प्रतिनिधियों ने भी शिवानंद को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

सहरसा के खेल इतिहास में यह चयन एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ है।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment