DHANBAD
झारखंड के धनबाद में पिछले दो दिनों से लापता लोन रिकवरी एजेंट अमित कुमार की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने रविवार को उनका शव बरामद कर लिया और इस मामले में विकास खंडेलवाल नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर अमित का शव सदर थाना क्षेत्र स्थित सूर्य हाइलैंड सोसाइटी में उसके आवास से बरामद किया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेमोरियल मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।
अमित कुमार के परिजनों ने शुक्रवार को उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। परिवार ने बताया था कि अमित के मोबाइल पर एक अज्ञात कॉल आया, जिसमें 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी और रकम न देने पर धमकी दी गई थी।
डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम ने बताया कि पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की, जो गोविंदपुर और सरायढेला क्षेत्र तक पहुंची। सूर्य हाइलैंड सिटी में लंबे समय तक मोबाइल सक्रिय रहने के बाद सरायढेला थाना प्रभारी मनोज पांडेय के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की और विकास खंडेलवाल को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
जांच में सामने आया है कि अमित और आरोपी के बीच करीब एक करोड़ रुपये के लोन सेटलमेंट को लेकर विवाद था, जिसे हत्या का मुख्य कारण माना जा रहा है।
परिजनों के अनुसार, अमित शुक्रवार सुबह घर से निकले थे और दोपहर बाद से उनका फोन बंद हो गया था। फिरौती कॉल आने के बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी थी।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस अपराध में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।

