झारखंड में श्रद्धा और उत्साह के साथ सरहुल पर्व, रांची में भव्य शोभायात्रा और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

Shashi Bhushan Kumar

झारखंड में प्रकृति से जुड़े प्रमुख त्योहार सरहुल को इस वर्ष भी पूरे उत्साह, आस्था और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जा रहा है। इस पर्व में साल (सखुआ) के पेड़ की विशेष पूजा की जाती है। आदिवासी मान्यताओं के अनुसार, इस वृक्ष में सरना मां का निवास होता है, जो गांव और प्रकृति की रक्षा करती हैं। सरना स्थल पर सखुआ और महुआ के फूलों से पूजा कर प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाती है। गांव के पाहन (पुजारी) विधि-विधान से अनुष्ठान करते हैं और मिट्टी के घड़ों में पवित्र जल भरते हैं। परंपरा के अनुसार, इन घड़ों में जल का स्तर देखकर आने वाले वर्ष में बारिश का अनुमान लगाया जाता है—यदि पानी कम हो तो कम वर्षा और यदि स्तर बना रहे तो अच्छी बारिश का संकेत माना जाता है। यह परंपरा लंबे समय से चली आ रही है और आज भी लोगों की आस्था इससे जुड़ी हुई है।

राजधानी रांची में इस पर्व की विशेष रौनक देखने को मिलती है। हातमा स्थित सरना स्थल पर पूजा के बाद आदिवासी समुदाय द्वारा सिरमटोली तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाती है, जो दोपहर लगभग 2 बजे शुरू होती है। पारंपरिक वेशभूषा में सजे लोग नृत्य और गीतों के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक पहचान प्रस्तुत करते हैं। रांची में इस शोभायात्रा की शुरुआत 1967 में कार्तिक उरांव के नेतृत्व में हुई थी, जिसका उद्देश्य आदिवासी समाज की जमीन, परंपरा और संस्कृति की रक्षा करना था। आज यह आयोजन पूरे राज्य की पहचान बन चुका है। गांवों में भी अखड़ा पर सामूहिक नृत्य का आयोजन होता है, जिसमें सभी आयु वर्ग के लोग भाग लेते हैं और इस पर्व को मिल-जुलकर मनाते हैं।

इस दौरान सरहुल और ईद को ध्यान में रखते हुए रांची में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शहर के कई प्रमुख इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। एसएसपी राकेश रंजन के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। जिला पुलिस के साथ आईआरबी, जैप, होमगार्ड और केंद्रीय बलों के जवानों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगाया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

शोभायात्रा को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू किया गया है। कांके रोड, रातू रोड, बोड़ेया रोड, रेडियम चौक, शहीद चौक, अलबर्ट एक्का चौक, मेन रोड, सुजाता चौक और मुंडा चौक से होते हुए सिरमटोली तक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। इसके अलावा नामकुम, खूंटी रोड, बिरसा चौक, डोरंडा ओवरब्रिज और अरगोड़ा-हरमू-कडरू मार्ग पर भी रोक लगाई गई है। रात 10:30 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा और उन्हें रिंग रोड से जाने की सलाह दी गई है।

दोपहर 12:30 बजे से एसएसपी आवास चौक, कचहरी चौक, शहीद चौक, जाकिर हुसैन पार्क, कमिश्नर चौक, अपर बाजार, चडरी तालाब, पुरुलिया रोड, चर्च रोड, कर्बला और राजेंद्र चौक सहित कई इलाकों में आवाजाही सीमित रहेगी। इन मार्गों पर केवल शो

Share This Article
शशी भूषण कुमार | पत्रकार (Journalist)- शशी भूषण कुमार 12+ वर्षों के अनुभव वाले पत्रकार हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्य करते हुए वर्तमान में Live 7 TV.com में सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में संपादकीय नेतृत्व और न्यूज़ प्लानिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे पिछले तीन वर्षों से झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग के गेस्ट फैकल्टी भी हैं। ग्रामीण पत्रकारिता पर शोध कार्य से जुड़े रहते हुए वे जमीनी और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Leave a Comment