सोल — सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने बुधवार को घोषणा की कि वह इस महीने अमेरिका में होने वाले ‘गैलेक्सी अनपैक्ड’ इवेंट में अपना नया प्रीमियम स्मार्टफोन पेश करेगा। कंपनी ने संकेत दिया है कि यह डिवाइस पहले से अधिक उन्नत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) फीचर्स से लैस होगा।
‘गैलेक्सी अनपैक्ड 2026’ कार्यक्रम 25 फरवरी को सैन फ्रांसिस्को में आयोजित किया जाएगा। सैमसंग ने अपने आधिकारिक निमंत्रण में इस इवेंट की थीम “द नेक्स्ट एआई फोन मेक्स योर लाइफ ईजियर” रखी है, जिसका मतलब है कि नया एआई फोन यूजर्स की रोजमर्रा की जिंदगी को सरल बनाएगा।
योनहाप न्यूज एजेंसी के अनुसार, कंपनी ने एक बयान में कहा कि नई गैलेक्सी एस सीरीज को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह दैनिक कामों को आसान बनाए, यूजर्स का आत्मविश्वास बढ़ाए और गैलेक्सी एआई को सहज रूप से अनुभव कराने में मदद करे।
सैमसंग ने कहा कि यह लॉन्च एआई के नए युग की शुरुआत करेगा, जिसमें तकनीक और भी अधिक व्यक्तिगत और उपयोगकर्ता की जरूरतों के अनुरूप होगी।
सूत्रों का कहना है कि यह नया फोन गैलेक्सी एस26 हो सकता है, जिसमें एक विशेष इनबिल्ट प्राइवेसी फीचर दिया जाएगा। इस फीचर के जरिए यूजर्स अपनी स्क्रीन पर दिखाई देने वाली जानकारी को पास खड़े लोगों से छिपा सकेंगे, बिना किसी अतिरिक्त स्क्रीन गार्ड या फिल्म लगाए।
कंपनी के अनुसार, इस सुविधा से यूजर्स यह नियंत्रित कर सकेंगे कि उनकी स्क्रीन कितनी दिखाई दे। इससे ‘शोल्डर सर्फिंग’ यानी किसी दूसरे व्यक्ति द्वारा स्क्रीन झांककर देखने की समस्या से बचाव होगा। यह फीचर जल्द ही गैलेक्सी फोन में उपलब्ध कराया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, यह तकनीक खासतौर पर गैलेक्सी एस26 अल्ट्रा मॉडल में दी जा सकती है। यूजर्स अपनी पसंद के अनुसार अलग-अलग सेटिंग्स चुनकर स्क्रीन की विजिबिलिटी को एडजस्ट कर सकेंगे।
सैमसंग ने बताया कि इस प्राइवेसी फीचर को विकसित करने में पांच साल से अधिक का समय लगा है। कंपनी ने इस दौरान लोगों की फोन उपयोग करने की आदतों का अध्ययन किया और यह समझने की कोशिश की कि वे अपनी निजी जानकारी को कैसे सुरक्षित रखना चाहते हैं।

