MEDNINAGAR
सदर थाना क्षेत्र के सिंगरा गांव में बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान सिंगरा गांव निवासी स्वर्गीय कामेश्वर राम के पुत्र संजय राम के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, संजय राम बुधवार रात करीब 9 बजे बाइक से मेदिनीनगर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिंगरा गांव स्थित दरहा बाबा मंदिर के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे में संजय राम गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गुरुवार सुबह अस्पताल पुलिस चौकी के जवानों ने शव का इंक्वेस्ट कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।

