RANCHI
खेलों को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों में खेल संस्कृति को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, मेसरा में आधुनिक आर्चरी एरेना का उद्घाटन किया गया। समारोह में रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। यह सुविधा आईसीआईसीआई फाउंडेशन के सहयोग से विकसित की गई है।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों के पारंपरिक स्वागत के साथ हुई। अतिथियों को बुके और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, वहीं आकर्षक बैंड डिस्प्ले और पारंपरिक नागपुरी लोक नृत्य ने समारोह को जीवंत बना दिया।

विद्यालय के प्राचार्य एनोस केरकेटा ने स्वागत भाषण में सभी अतिथियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह एरेना विद्यार्थियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करने में सहायक होगा। आईसीआईसीआई फाउंडेशन के प्रतिनिधि प्रणव कुमार ने खेलों को शिक्षा से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया और विद्यार्थियों को सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि कुमार रजत ने तीरंदाजी के माध्यम से एकाग्रता, अनुशासन और मानसिक दृढ़ता विकसित होने की बात कही।
समारोह के दौरान विद्यालय पत्रिका ‘नव स्वर’ का विमोचन मुख्य अतिथि द्वारा किया गया। इसके अतिरिक्त शिक्षा मंत्रालय के ‘फुटबॉल फॉर स्कूल’ कार्यक्रम के अंतर्गत रांची जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को फुटबॉल वितरित किए गए।
अपने संबोधन में उपायुक्त भजंत्री ने कहा कि आर्चरी एरेना केवल खेल का मैदान नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य और लक्ष्य के प्रति समर्पण का प्रशिक्षण केंद्र है। उन्होंने आईसीआईसीआई फाउंडेशन के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को नई संभावनाएं प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल को जीवन का अभिन्न अंग बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में मुकेश कुमार (एसएमटी) ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा आर्चरी सूट पहनकर प्रतीकात्मक प्रदर्शन तथा फुटबॉल किक-ऑफ के साथ समारोह का समापन हुआ। यह आयोजन विद्यालय में खेल और शिक्षा के समन्वय का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा है।

