9 दिसंबर को विधानसभा के समक्ष होगा शक्ति प्रदर्शन
LIVE 7 TV /RANCHI
राज्य में जारी वित्तीय संकट और तीन वर्षों से लंबित छात्रवृत्ति भुगतान को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का विरोध तेज हो गया है। छात्रों की मांगों को बुलंद करते हुए संगठन के पदयात्रियों ने रविवार को 130 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए रामगढ़ पहुंचकर आंदोलन को नई गति दी। विभिन्न स्थानों पर छात्रों और स्थानीय लोगों ने पदयात्रा का स्वागत किया।
पदयात्री सोमवार शाम तक रांची के बूटी मोड़ पहुंचेंगे, जहां से 9 दिसंबर को राजधानी में विशेष शक्ति प्रदर्शन करते हुए विधानसभा तक पदयात्रा की जाएगी और वहां धरना दिया जाएगा।
मोर्चा के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने पदयात्रा के दौरान कहा कि छात्रवृत्ति में लगातार देरी केंद्र एवं राज्य सरकार की “राजनीतिक लापरवाही” का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ई-कल्याण जैसी जीवनरेखा योजना को ठप कर देने से एसटी, एससी और ओबीसी वर्ग के लाखों छात्र प्रभावित हुए हैं, जिसके चलते छात्रों में भारी आक्रोश है।
महतो ने बताया कि 2022-23, 2023-24 और 2024-25 की छात्रवृत्ति अब तक निर्गत नहीं की गई है, जिससे विद्यार्थियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
पदयात्रा में देवेंद्र नाथ महतो, मोतीलाल महतो, सूरज सिंह, महेंद्र प्रसाद मंडल, पूजा महतो, दीपक रवानी, संजय महतो, दिनेश साहू सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।

