राज्य स्तरीय एथलेटिक्स में खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, कई ने जीते मेडल

Shashi Bhushan Kumar

राजगीर और पूर्णिया में आयोजित राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में सहरसा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक हासिल किए। जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव और राष्ट्रीय तकनीकी पदाधिकारी रोशन सिंह धोनी ने जानकारी दी कि सहरसा की नंदनी कुमारी ने अंडर-19 वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन कर 3000 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल और 1500 मीटर में ब्रॉन्ज मेडल जीता।

इसी तरह पूर्णिया में आयोजित बालक वर्ग की प्रतियोगिता में सहरसा के राजदीप कुमार ने अंडर-14 वर्ग के 600 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। अंडर-17 वर्ग में राम कुमार ने 300 मीटर में ब्रॉन्ज, जबकि सोनू कुमार ने 110 मीटर हर्डल में ब्रॉन्ज मेडल जीता। अंडर-19 वर्ग में बादल कुमार ने 400 मीटर हर्डल में सिल्वर मेडल हासिल किया।

ये सभी खिलाड़ी अंतर प्रमंडल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुने गए थे। खिलाड़ियों को एथलेटिक्स के राष्ट्रीय कोच रोहित कुमार से नियमित प्रशिक्षण मिल रहा है, जिसकी बदौलत वे लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।जिला खेल पदाधिकारी वैभव कुमार ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद सहरसा के खिलाड़ी एथलेटिक्स और अन्य खेलों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दीं और हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

इन पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष रविंद्र कुमार सिंह (आर.के. सिंह), उपाध्यक्ष सैयद शमी अहमद, सचिव रोशन सिंह धोनी, संयुक्त सचिव नीतीश मिश्रा, कोषाध्यक्ष विप्लव रंजन, और तैराकी, साइक्लिंग, योगासन, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी व कबड्डी संघों के पदाधिकारियों सहित कई प्रशिक्षकों ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment