पांच राज्यों के चुनाव में जनता भाजपा को नकार देगी

Shashi Bhushan Kumar

चुनाव आयोग ने रविवार को चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव की घोषणा कर दी। रांची से झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के नेता मनोज पांडे ने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव में जनता भाजपा को नकार देगी। रांची में आईएएनएस से बातचीत में जेएमएम नेता मनोज पांडे ने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव की घोषणा हुई है। मुझे लगता है कि यह भारत की राजनीति के लिए बहुत महत्वपूर्ण साबित होगा। इन पांचों राज्यों में लोग भारतीय जनता पार्टी को नकारने का काम करेंगे और अब भाजपा के पतन की शुरुआत होगी। असम में हम पूरी मुस्तैदी और ताकत के साथ चुनाव लड़ रहे हैं। वहां जो लोग असम टी ट्राइब के नाम से जाने जाते हैं, वे झारखंड और ओडिशा से पलायन कर वहां गए हैं। वे हमारे लोग हैं और हम उनकी लड़ाई लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन तमाम लोगों की लड़ाई लड़ने की जिम्मेदारी हेमंत सोरेन जी ने अपने कंधों पर ली है और वहां जो समर्थन मिल रहा है, उससे निश्चित रूप से आने वाले दिनों में हिमंता बिस्वा सरमा इतिहास बन जाएंगे। असम विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर मनोज पांडे ने कहा कि गठबंधन की बात बाद में होगी। ये हमारे शीर्ष नेता तय करेंगे कि गठबंधन के लिहाज से क्या करना है, लेकिन हम वहां चुनाव मुस्तैदी के साथ लड़ेंगे। जन समर्थन हमारे साथ है। इस बार का चुनाव बहुत ही महत्वपूर्ण होगा। हमारे बगैर वहां कोई सरकार नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि यह फैसला हमारे शीर्ष नेता हेमंत सोरेन को लेना है। यह उनका अधिकार है और वही तय करेंगे। इस पर बातचीत भी चल रही होगी। जो भी समान विचारधारा वाली पार्टियां और राजनीतिक दल हैं, उनकी ओर से कई जगहों से ऑफर भी आए हैं, लेकिन अंतिम फैसला हेमंत सोरेन ही करेंगे। कांग्रेस पार्टी का असम में भविष्य को लेकर मनोज पांडे ने कहा कि कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है और वह पहले भी वहां (असम) में शासन में रही है। वहां हमें जो जनसमर्थन मिल रहा है, वह स्वाभाविक प्रक्रिया है कि वे लोग आएंगे, बातचीत करेंगे और गठबंधन को लेकर चर्चा होगी। अगर झारखंड मुक्ति मोर्चा को सम्मानजनक स्थान मिलता है, तो निश्चित रूप से हमारे शीर्ष नेता हेमंत सोरेन इस पर अंतिम फैसला लेंगे। यदि गठबंधन अपने घटक दलों को सम्मान और तवज्जो देता है, तो निश्चित रूप से आगे बढ़ने की दिशा में हमारे नेता सकारात्मक फैसला लेंगे। राहुल गांधी द्वारा बसपा संस्थापक कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग पर कहा कि कांशीराम निसंदेह सामाजिक न्याय की लड़ाई के अगुआ नेता थे। उनको भारत रत्न मिलना चाहिए। हम लोग मांग करते हैं।

Share This Article
शशी भूषण कुमार | पत्रकार (Journalist)- शशी भूषण कुमार 12+ वर्षों के अनुभव वाले पत्रकार हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्य करते हुए वर्तमान में Live 7 TV.com में सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में संपादकीय नेतृत्व और न्यूज़ प्लानिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे पिछले तीन वर्षों से झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग के गेस्ट फैकल्टी भी हैं। ग्रामीण पत्रकारिता पर शोध कार्य से जुड़े रहते हुए वे जमीनी और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Leave a Comment