बागडोगरा एयरपोर्ट पर 4.5 करोड़ के हीरों के साथ यात्री पकड़ा गया

Shashi Bhushan Kumar

कोलकाता — पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित बागडोगरा हवाई अड्डे पर मंगलवार को एक व्यक्ति को करीब 4.5 करोड़ रुपये मूल्य के 46 हीरों के साथ पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिल्ली निवासी दीपक कुमार महासुखलाल मेहता उर्फ दीपक कुमार मेहता के रूप में हुई है। उसे मंगलवार को सिलीगुड़ी की अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

केंद्रीय राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) को इनपुट मिला था कि हवाई मार्ग से हीरों की तस्करी की जा रही है। इसके बाद एजेंसी ने निगरानी बढ़ाई और बागडोगरा एयरपोर्ट पर जाल बिछाया।

सूत्रों के अनुसार, दीपक कुमार मेहता उस दिन दिल्ली जाने वाली उड़ान पकड़ने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था। संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर उसे रोककर पूछताछ की गई, लेकिन उसने संतोषजनक जवाब नहीं दिया।

तलाशी के दौरान उसके बैग से एक पैकेट में रखे 46 हीरे बरामद हुए, जिनके लिए वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया और हीरे जब्त कर लिए गए। बरामद हीरों की अनुमानित कीमत लगभग 4.33 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

जांच के शुरुआती संकेतों के मुताबिक, ये हीरे नेपाल से सड़क मार्ग के जरिए सिलीगुड़ी लाए गए थे और वहां से बागडोगरा एयरपोर्ट के रास्ते दिल्ली भेजे जाने थे।

डीआरआई के वकील रतन बनिक ने बताया कि कुल 808.33 कैरेट (लगभग 161.66 ग्राम) हीरे जब्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी को 24 फरवरी तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है और यह पता लगाने के लिए जांच जारी है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं तथा हीरों का अंतिम गंतव्य क्या था।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment