LIVE 7 TV/RANCHI
राज्य सरकार के निदेशानुसार गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग, झारखंड द्वारा आज मोरहाबादी स्थित आर्यभट्ट सभागार में जिला स्तरीय प्रमाण-पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में तीन हजार से अधिक अधिसूचित झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानपूर्वक प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

इस समारोह में संयुक्त रूप से रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री और रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने, विशिष्ट आंदोलनकारियों को सांकेतिक रूप से प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए, राज्य सरकार की ओर से उनके योगदान के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलनकारी राज्य निर्माण की आधारशिला हैं और उनकी भूमिका को सदैव सम्मानपूर्वक याद किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार आंदोलनकारियों की सामाजिक सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं। प्रशासन ने यह भी कहा कि आंदोलनकारियों का संघर्ष और बलिदान झारखंड राज्य की नींव हैं और वे आगे भी जिला एवं राज्य के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाते रहेंगे।

कार्यक्रम में अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, नजारत उपसमाहर्त्ता सुदेश कुमार समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

रांची जिला प्रशासन ने कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया कि झारखंड आंदोलनकारियों के त्याग और संघर्ष को राज्य सरकार सर्वोच्च सम्मान देती है तथा उनकी सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

