पटना। बिहार की राजनीति आज एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनेगी। राज्य के अनुभवी और वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार आज, 20 नवंबर 2025, को रिकॉर्ड दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। एनडीए गठबंधन के साथ बनने वाली इस नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में देश की शीर्ष नेतृत्व मौजूद रहेगा, जिससे यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में है। शपथ ग्रहण समारोह गांधी मैदान में सुबह 11:30 बजे आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस अवसर पर विशेष रूप से पटना पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री का आगमन 11:15 बजे निर्धारित है। उनके साथ कई केंद्रीय मंत्रियों के अलावा देश के 11 राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और बढ़ जाएगी।
इससे पहले बुधवार देर रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, और एनडीए के कई वरिष्ठ नेता पटना पहुंच चुके हैं। उनके आगमन के बाद राजधानी की राजनीतिक हलचल और भी तेज हो गई है।
सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा फिर बनेंगे डिप्टी सीएम
नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनने वाली नई सरकार में एक बार फिर सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। दोनों नेताओं को मुख्यमंत्री का महत्वपूर्ण सहयोगी माना जाता है और पिछले कार्यकाल में भी वे इसी पद पर रहे थे।
चुनाव परिणामों के छह दिन बाद नई सरकार का गठन
यह ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणाम आने के महज छह दिन बाद हो रहा है। चुनावों में एनडीए गठबंधन ने बहुमत प्राप्त किया था, जिसके बाद सरकार गठन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ी।
वर्तमान सरकार का कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त होने वाला था, लेकिन उससे पहले ही नई सरकार को स्थापित करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। बुधवार शाम नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देते हुए इसका औपचारिक पत्र राजभवन में राज्यपाल को सौंपा था। इसके बाद उन्होंने नई सरकार बनाने का दावा भी प्रस्तुत किया।
मंत्रिमंडल को लेकर सस्पेंस
हालांकि शपथ ग्रहण के कुछ घंटे पहले तक नए मंत्रिमंडल की सूची सामने नहीं आई है। सूत्रों की मानें तो सुबह 9 बजे तक राजभवन द्वारा सभी विधायकों को शपथ समारोह हेतु आमंत्रण भेज दिया जाएगा। इसके बाद 11:20 बजे तक यह स्पष्ट होने की संभावना है कि कौन विधायक किस विभाग की जिम्मेदारी संभालेगा। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, नीतीश सरकार के मंत्रिमंडल में अनुभवी और नए चेहरों का मिश्रण देखने को मिल सकता है।
पटना में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों और राज्यों के मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति को देखते हुए पटना में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। गांधी मैदान और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस, एसएसबी और स्पेशल कमांडो की अतिरिक्त तैनाती की गई है। प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए कई मार्गों को डायवर्ट किया है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

