रजरप्पा मंदिर पहुंचे नौसेना प्रमुख, बोले– भारत की सुरक्षा मजबूत हाथों में

Shashi Bhushan Kumar

रांची/रामगढ़।
भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने शुक्रवार को झारखंड के रामगढ़ जिले स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ रजरप्पा मंदिर में मां छिन्नमस्तिके के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।

मंदिर में पूजा के बाद मीडिया से बातचीत में नौसेना प्रमुख ने कहा कि भारत की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सक्षम और मजबूत हाथों में है। उन्होंने दो टूक कहा कि देश की ओर बुरी नजर रखने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

एडमिरल त्रिपाठी गुरुवार की शाम दो दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचे थे। उनके आगमन को लेकर रजरप्पा मंदिर परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। मंदिर पहुंचकर उन्होंने मां छिन्नमस्तिके के चरणों में शीश नवाया और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

पूजा-अर्चना के बाद नौसेना प्रमुख ने कहा कि रजरप्पा मंदिर में जो आत्मिक शांति और सुकून मिलता है, उसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। उन्होंने कहा, “मां ने चाहा तो मैं फिर यहां आऊंगा। इस पावन स्थल पर आकर स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।”

देश की सुरक्षा पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भारत की भौगोलिक संरचना का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा जल क्षेत्र से जुड़ा हुआ है, जिस पर भारतीय नौसेना पूरी सतर्कता और मजबूती के साथ निगरानी रखे हुए है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भारत हर प्रकार की चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

साथ ही उन्होंने मां छिन्नमस्तिके से देश के जवानों के लिए साहस, संयम और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना भी की।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment