मोतिहारी कांड दुर्भाग्यपूर्ण, शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए मिलकर करना होगा काम: प्रेम कुमार

Shashi Bhushan Kumar

बक्सर, बिहार में बक्सर जिले के खिरौली में शुक्रवार देर रात पहुंचे बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि देश की जनता अब बदलाव चाहती है। लोगों ने कांग्रेस को 50 वर्षों तक देखा है और क्षेत्रीय दलों को भी परखा है। अब विभिन्न राज्यों में भारतीय जनता पार्टी का प्रदर्शन बेहतर हो रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि असम में भाजपा आगे है और तमिलनाडु, केरल तथा पश्चिम बंगाल में भी स्थिति तेजी से बदल रही है।

मीडिया से बातचीत करते हुए मोतिहारी में जहरीली शराब से हुई 6 मौतों पर प्रेम कुमार ने कहा कि ऐसी घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं, लेकिन सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में शराबबंदी सरकार का एक सराहनीय कदम है, जिससे निचले तबके में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि इस कानून को प्रभावी बनाने के लिए सरकार, प्रशासन और आम नागरिकों को मिलकर काम करना होगा। समाज के हर वर्ग को आगे आकर शराबबंदी को सफल बनाने में सहयोग करना चाहिए।

बिहार में नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा, “यह जल्द ही होगा, कृपया प्रतीक्षा करें। मुझे पता है कि तारीख उच्च स्तर पर तय की जाएगी, इसलिए उसका इंतजार करें। हमारे एनडीए नेता मिलकर फैसला करेंगे कि किसे मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। सभी पांचों पार्टियां मिलकर निर्णय लेंगी और जो भी फैसला होगा वह हम सभी को स्वीकार्य होगा।”

मोतीहारी में जहरीली शराब पीने से 3 दिनों में 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग अस्पताल में भर्ती हैं। मामले में चल रही छापेमारी के दौरान पीपराकोठी से बरामद 700 लीटर स्प्रिट जहरीली पाई गई है। वहीं शराब कांड पर विपक्ष डबल इंजन सरकार पर हमलावर है। विपक्ष का दावा है कि सरकार राज्य में शराबबंदी लागू कराने में विफल साबित हुई है और जहरीली शराब पीने से लोगों की मौत हो रही है।

राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि यह घटना एक बार फिर एनडीए सरकार के शराबबंदी कानून की विफलता और उसकी गंभीर खामियों को उजागर करती है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार शराबबंदी लागू होने के बाद से अब तक बिहार में जहरीली शराब से 1300 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।

Share This Article
शशी भूषण कुमार | पत्रकार (Journalist)- शशी भूषण कुमार 12+ वर्षों के अनुभव वाले पत्रकार हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्य करते हुए वर्तमान में Live 7 TV.com में सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में संपादकीय नेतृत्व और न्यूज़ प्लानिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे पिछले तीन वर्षों से झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग के गेस्ट फैकल्टी भी हैं। ग्रामीण पत्रकारिता पर शोध कार्य से जुड़े रहते हुए वे जमीनी और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Leave a Comment