सदर अस्पताल में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, परिजनों का हंगामा

Shashi Bhushan Kumar

CHATRA

चतरा के सदर अस्पताल में प्रसव के दौरान एक महिला और उसके नवजात शिशु की मौत के बाद शुक्रवार को अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। आक्रोशित परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्यकर्मियों पर लापरवाही और गलत इंजेक्शन देने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, कान्हाचट्टी प्रखंड के चारु गांव निवासी 22 वर्षीय महिला को दोपहर करीब 12 बजे प्रसव पीड़ा होने पर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि भर्ती के बाद काफी समय तक समुचित चिकित्सकीय देखभाल नहीं मिली और महिला की हालत बिगड़ती चली गई।

परिवार का कहना है कि विरोध के बाद नर्स ने इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद स्थिति और गंभीर हो गई। कुछ ही देर में महिला की मौत हो गई और गर्भस्थ शिशु को भी नहीं बचाया जा सका। परिजनों ने महिला वार्ड में तैनात डॉक्टर और नर्स पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

वहीं अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों से इनकार किया है। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक के अनुसार, महिला जब अस्पताल पहुंची तब उसकी स्थिति पहले से ही अत्यंत गंभीर थी। चिकित्सकों ने उपचार प्रक्रिया शुरू की, लेकिन स्थिति अचानक बिगड़ गई और कैनुला लगाए जाने के दौरान ही उसकी मृत्यु हो गई।

पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Share This Article
शशी भूषण कुमार | पत्रकार (Journalist)- शशी भूषण कुमार 12+ वर्षों के अनुभव वाले पत्रकार हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्य करते हुए वर्तमान में Live 7 TV.com में सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में संपादकीय नेतृत्व और न्यूज़ प्लानिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे पिछले तीन वर्षों से झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग के गेस्ट फैकल्टी भी हैं। ग्रामीण पत्रकारिता पर शोध कार्य से जुड़े रहते हुए वे जमीनी और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Leave a Comment