चित्तौड़गढ़ की केमिकल फैक्ट्री में भीषण धमाका, पूरे इलाके में दहशत

Shashi Bhushan Kumar

राजस्थान: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन स्थित रीको औद्योगिक क्षेत्र में एक केमिकल फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे आसपास का पूरा इलाका थर्रा उठा। धमाके की आवाज करीब पांच किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

विस्फोट के तुरंत बाद फैक्ट्री परिसर से काले धुएं का घना गुबार उठने लगा और देखते ही देखते वहां भीषण आग लग गई। केमिकल के तीव्र रिसाव और तेज दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले लोग परेशान हो गए और क्षेत्र में भय का माहौल बन गया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस को मौके पर भेजा। वहीं विधायक ने जिला प्रशासन को मामले से अवगत कराया। सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, उपखंड अधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए।

आग की गंभीरता को देखते हुए चित्तौड़गढ़ से अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मौके पर मौजूद हैं और स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। स्थानीय लोगों और फैक्ट्री कर्मियों को सतर्क रहने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला कलेक्टर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं है। धमाके के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास की अन्य फैक्ट्रियों की भी सुरक्षा समीक्षा की जा रही है।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment