कानपुर, उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुए चर्चित लैंबॉर्गिनी सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने आरोपी शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। वह एक तंबाकू कारोबारी का पुत्र है। उस पर आरोप है कि तेज रफ्तार लग्जरी कार से ऑटो और बुलेट सवारों को टक्कर मारने से चार लोग घायल हुए थे।
पुलिस ने गुरुवार को उसे कानपुर से हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया। डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया था। सूचना मिलने पर टीमें सक्रिय हुईं और आरोपी को पकड़ लिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
यह हादसा रविवार दोपहर ग्वालटोली क्षेत्र की वीआईपी रोड पर हुआ था। पुलिस के मुताबिक, तेज गति से चल रही लैंबॉर्गिनी पहले एक ऑटो और बुलेट से टकराई और फिर फुटपाथ पर चढ़ गई। घटना में कई लोग घायल हुए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया था और स्थानीय लोगों ने वाहन को घेर लिया था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार के पीछे चल रहे एक अन्य वाहन से आए कुछ लोगों ने चालक को बाहर निकालने की कोशिश की, जिससे वहां मौजूद लोगों में नाराजगी बढ़ी। बाद में कार का शीशा तोड़कर चालक को बाहर निकाला गया और निजी अस्पताल ले जाया गया।
शुरुआत में चालक की ओर से दावा किया गया था कि हादसा दौरा पड़ने के कारण हुआ, लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के समय कार शिवम मिश्रा ही चला रहा था। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।

