RANCHI
रांची में सरहुल के अवसर पर आस्था और उत्साह का विशेष माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ सिरमटोली स्थित केंद्रीय सरना स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर राज्य की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
इस दौरान सरना स्थल पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठान ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने सरहुल के अवसर पर राज्यवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रकृति और मानव जीवन के गहरे संबंध का प्रतीक है। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए संतुलित सह-अस्तित्व की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री को इस आयोजन में शामिल होने के लिए पहले ही आमंत्रित किया गया था। रांची केंद्रीय सरना समिति के प्रतिनिधियों ने उनसे मुलाकात कर मुख्य कार्यक्रम में भाग लेने का आग्रह किया था, जिसे उन्होंने स्वीकार किया और सरना स्थल पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

