झारखंडः चतरा में फंदे से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Shashi Bhushan Kumar

झारखंड चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पंचायत सचिवालय और ब्लॉक कॉलोनी के समीप एक अर्धनिर्मित भवन में बुधवार को एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान धनखेरी गांव निवासी अहमद खलीफा के पुत्र आदिल के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने जब भवन के भीतर गमछे के सहारे शव को झूलते देखा, तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की।

घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मृतक के परिजनों ने इस थ्योरी को सिरे से खारिज करते हुए इसे ‘सुनियोजित हत्या’ करार दिया है। परिजनों का आरोप है कि आदिल की पहले हत्या की गई और फिर साक्ष्य छिपाने की नियत से शव को फंदे से लटका कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।

थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई है। उन्होंने कहा, “परिजनों के फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके।”

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। घटना के बाद से धनखेरी गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक के साथ-साथ तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।

Share This Article
शशी भूषण कुमार | पत्रकार (Journalist)- शशी भूषण कुमार 12+ वर्षों के अनुभव वाले पत्रकार हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्य करते हुए वर्तमान में Live 7 TV.com में सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में संपादकीय नेतृत्व और न्यूज़ प्लानिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे पिछले तीन वर्षों से झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग के गेस्ट फैकल्टी भी हैं। ग्रामीण पत्रकारिता पर शोध कार्य से जुड़े रहते हुए वे जमीनी और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Leave a Comment