जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी में तृतीय दीक्षांत समारोह की तैयारियां पूरी

Ravikant Upadhyay

जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी में 19 नवंबर को होने वाले तृतीय दीक्षांत समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस समारोह में झारखंड के राज्यपाल और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उनका आगमन सुबह 12:45 बजे निर्धारित किया गया है। समारोह में आमंत्रित अतिथियों के लिए सुबह 12 बजे तक उपस्थित होना अनिवार्य है, जबकि डिग्री प्राप्त करने वाली छात्राओं को सुबह 10 बजे तक XLRI ऑडिटोरियम में पहुंचने का निर्देश दिया गया है।

कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने इस संबंध में बताया कि विश्वविद्यालय हमेशा से समयबद्ध परीक्षा प्रणाली और त्वरित परिणाम प्रकाशन के प्रति प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी दीक्षांत समारोह केवल छात्राओं के परिश्रम और मेहनत का सम्मान नहीं है, बल्कि यह विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता का भी प्रतीक होगा।

इस वर्ष समारोह में कुल 1068 छात्राओं को डिग्री प्रदान की जाएगी, जिनमें से 713 छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। इनमें से 25 छात्राओं को स्वर्ण पदक और 17 रैंक होल्डर्स को विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा। स्वर्ण पदकों की बनावट इस वर्ष खास है, प्रत्येक पदक 40 ग्राम शुद्ध चांदी पर सोने की कोटिंग से तैयार किया गया है और बॉक्स में विजेता छात्रा का नाम अंकित होगा। कुलपति ने यह भी कहा कि सभी स्वर्ण पदक प्राप्तकर्ता और रैंक होल्डर्स अपने अभिभावकों के साथ समारोह में शामिल हो सकेंगे। छात्राओं के लिए ड्रेस कोड भी जारी किया गया है। इसमें सफेद सलवार सूट के साथ लाल दुपट्टा या सफेद/क्रीम रंग की साड़ी लाल बॉर्डर के साथ पहनना अनिवार्य है। XLRI ऑडिटोरियम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और सभी तकनीकी परीक्षण पूरे कर लिए गए हैं।

इस वर्ष दीक्षांत समारोह में प्रतिष्ठित ‘डॉ. रेखा झा मेडल फॉर एक्सीलेंस इन इकोनॉमिक्स’ का भी सम्मान प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार स्वर्गीय डॉ. रेखा झा की स्मृति में उनके पति श्री वरुण झा द्वारा स्थापित किया गया है। इस वर्ष यह सम्मान स्नातकोत्तर अर्थशास्त्र विभाग की टॉपर छात्रा श्रद्धा सिन्हा को प्रदान किया जाएगा। उन्हें प्रमाण पत्र के साथ एक लाख रुपये की राशि भी दी जाएगी। इसके अलावा, समारोह में विश्वविद्यालय की वार्षिक स्मारिका का भी अनावरण किया जाएगा। राज्यपाल द्वारा अनावरण की जाने वाली इस स्मारिका में NEP इंटर्नशिप, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और विश्वविद्यालय की उभरती प्रतिभाओं की विस्तृत जानकारी शामिल होगी।

कुलपति ने कहा कि इस समारोह के माध्यम से छात्राओं के शैक्षणिक योगदान और उनके उज्ज्वल भविष्य को सम्मानित करने के साथ-साथ विश्वविद्यालय की संपूर्ण शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्धियों को भी उजागर किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है और समारोह को सफल और भव्य बनाने के लिए हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस प्रकार, जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी का यह तृतीय दीक्षांत समारोह न केवल छात्राओं के लिए गर्व और सम्मान का अवसर होगा, बल्कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रतीक भी बनेगा।

Share This Article
Leave a Comment