LIVE 7 TV/ RANCHI
डुमरी विधायक जयराम महतो को बड़ा झटका लगा है, जब उनके दो करीबी नेता रजनी रवानी और प्रदीप महतो आज धनबाद के कतरास में आयोजित मिलन समारोह में पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो के नेतृत्व में आजसू पार्टी में शामिल हो गए। कार्यक्रम में सुदेश महतो और सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने उनका स्वागत किया।
इस मौके पर सुदेश महतो ने हेमंत सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में विजन और रोडमैप का अभाव है, युवाओं को नौकरियां नहीं मिल रहीं, छात्रवृत्तियां रुकी हैं और सरकारी संरक्षण में कोयला–बालू तस्करी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड 25 साल पीछे चला गया है और बदलाव के लिए युवा शक्ति को एकजुट होना होगा।

विस्थापितों की लड़ाई लड़ेगी आजसू : चंद्रप्रकाश चौधरी
सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि कोयलांचल में सरकार, प्रशासन और माफिया की मिलीभगत से विस्थापितों का दमन किया जा रहा। आजसू अंतिम दम तक उनकी लड़ाई लड़ेगी।

सुदेश ही दे सकते हैं नेतृत्व: प्रदीप महतो
इस मौके पर आजसू में आए जेएलकेएम के पूर्व केंद्रीय सचिव प्रदीप महतो ने कहा कि वह आज अपने पुराने घर में वापसी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह झांसे में भटक कर जेएलकेएम में चले गए थे। सुदेश महतो ही राज्य को सही नेतृत्व दे सकते हैं।
आजसू में सम्मानित महसूस कर रही हूँ : रजनी रवानी
जेएलकेएम की केंद्रीय महासचिव रह चुकी श्रीमती रजनी रवानी ने कहा कि वह जेएलकेएम में अपमानित हो रही थीं। वहां महिलाओं की कद्र नहीं। आंदोलन की सौदेबाजी होती है। आजसू में आकर सम्मानित महसूस हो रहा है।
इस मौके पर मंच पर मांडू विधायक निर्मल महतो, पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, महासचिव संजय मेहता, सुभाष रवानी, अजय सिंह ल, बबीता देवी, यशोदा देवी, विभा सिंह, संतोष महतो, स्वीन महतो, टिकैत महतो, नवीन महतो, प्रमोद चौरसिया समेत कई नेता उपस्थित रहे और धनबाद जिलाध्यक्ष मंटू महतो ने मंच का संचालन किया।

