नई दिल्ली: भारत और तंजानिया के बीच रक्षा सहयोग को नया आयाम देते हुए साइबर सुरक्षा जैसे अहम क्षेत्र में साझेदारी को और मजबूत किया जा रहा है। तंजानिया पीपुल्स डिफेन्स फोर्सेज (टीपीडीएफ) का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल इन दिनों भारत के दौरे पर है, जहां दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों के बीच विस्तृत बातचीत हुई।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, तंजानिया के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने भारतीय सशस्त्र बलों के उच्च अधिकारियों से मुलाकात की और साइबर सुरक्षा से जुड़े प्रमुख संस्थानों का दौरा किया। 17 फरवरी से शुरू हुई यह यात्रा 19 फरवरी तक चलेगी। इस दौरान विभिन्न स्तरों पर वार्ता आयोजित की गई, जिनमें साइबर सुरक्षा प्रमुख एजेंडा रहा।
बैठकों में दोनों पक्षों ने स्वीकार किया कि डिजिटल युग में साइबर खतरों का दायरा तेजी से बढ़ रहा है, ऐसे में तकनीकी सहयोग, सूचना साझा करना और संयुक्त प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। प्रतिनिधिमंडल को भारत की साइबर सुरक्षा तैयारियों, आधुनिक निगरानी प्रणालियों और प्रशिक्षण तंत्र की जानकारी दी गई।
तंजानियाई अधिकारियों ने भारतीय रक्षा साइबर संस्थानों में जाकर प्रत्यक्ष रूप से देखा कि किस प्रकार साइबर हमलों से निपटने के लिए बहुस्तरीय रणनीति अपनाई जा रही है। इस दौरान तकनीकी क्षमता निर्माण और भविष्य की चुनौतियों से निपटने के उपायों पर भी चर्चा हुई।
यह पहल दोनों देशों के बीच रक्षा क्षेत्र में जारी दीर्घकालिक सहयोग का हिस्सा है। अक्टूबर 2023 में तंजानिया के राष्ट्रपति की भारत यात्रा के दौरान तय पांच वर्षीय रक्षा सहयोग रोडमैप के तहत इस तरह की गतिविधियों को आगे बढ़ाया जा रहा है। दोनों देश नई तकनीकों में साझेदारी, पारस्परिक विश्वास को मजबूत करने और क्षेत्रीय सुरक्षा में सहयोग बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह आधिकारिक दौरा भारत और तंजानिया के द्विपक्षीय संबंधों को और सुदृढ़ करेगा तथा साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में साझा क्षमताओं को नई दिशा देगा।

