LIVE 7 TV/ RANCHI
झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 1.8 डिग्री अधिक है। हालांकि, मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि अगले 36 घंटों में तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है, जिससे शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, 3 दिसंबर से राज्य में कोल्ड वेव का एक नया दौर शुरू होने की संभावना है। विभाग ने बताया कि हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, पूर्वी हवाओं का प्रभाव और चक्रवाती प्रणाली ‘दित्वा’ के कारण पिछले कुछ दिनों से बादल छाये हुए थे, जिससे ठंड में थोड़ी राहत मिली थी। लेकिन मौसम के साफ होने के बाद तापमान में तेज गिरावट देखने को मिलेगी।
राज्य के अधिकतर जिलों में तापमान 10 डिग्री से ऊपर
पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के अधिकांश ज़िलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। गुमला में सबसे कम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
डालटनगंज में 11.5 डिग्री, जमशेदपुर में 13.8 डिग्री
डालटनगंज में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस और जमशेदपुर में 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, अगले 12 घंटों में राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में तापमान 2-3 डिग्री तक कम हो सकता है, जबकि बाकी हिस्सों में बड़ा बदलाव नहीं होगा।

