दुमका में छेड़खानी का विरोध करने पर किशोर की चाकू मारकर हत्या, दो अन्य गंभीर रूप से घायल

Shashi Bhushan Kumar

दुमका जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरिया गांव में गुरुवार रात करीब 10 बजे हुई चाकूबाजी की घटना में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी समेत दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जामा थाना क्षेत्र निवासी 16 वर्षीय लखींद्र सोरेन अपने साथी डेविड हांसदा और एक किशोरी के साथ तातलोई मेला देखकर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान पथरिया के पास तीन युवकों ने उनकी बाइक को रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने पहले किशोरी के साथ छेड़खानी करते हुए उसे जबरन बाइक से उतारने की कोशिश की।

इसका विरोध करने पर लखींद्र सोरेन और डेविड हांसदा के साथ हमलावरों की कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इसके बाद तीनों युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में किशोर लखींद्र सोरेन, डेविड हांसदा और किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को देर रात दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने लखींद्र सोरेन को मृत घोषित कर दिया। वहीं डेविड हांसदा और किशोरी का इलाज जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार महतो अस्पताल पहुंचे और घायलों तथा परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment