पटना में पुलिस मुठभेड़, लॉरेंस विश्नोई नेटवर्क से जुड़े अपराधी परमानंद यादव घायल

Shashi Bhushan Kumar

पटना:बिहार की राजधानी पटना में गुरुवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात अपराधी घायल हो गया। घायल आरोपी की पहचान परमानंद यादव के रूप में हुई है, जो झारखंड के लातेहार जिले का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, उसका संबंध लॉरेंस विश्नोई नेटवर्क से जुड़े गिरोह से होने की आशंका है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परमानंद यादव पर 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना की शुरुआत तब हुई जब बेउर थाना क्षेत्र में कुछ अपराधियों को पकड़ा गया था और इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार भागने की कोशिश करने लगा। इसकी सूचना मसौढ़ी थाना पुलिस को दी गई।

मसौढ़ी थाना क्षेत्र के एनएच-22 पर लाला बीघा गांव के पास पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को मोटरसाइकिल से जाते देखा और उसे रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान वह बाइक से गिर पड़ा और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिससे वह घायल हो गया।

घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, परमानंद यादव का संबंध राहुल सिंह गिरोह से है, जिसका कनेक्शन लॉरेंस विश्नोई गिरोह से बताया जा रहा है। फिलहाल पूरे नेटवर्क को लेकर गहन जांच की जा रही है।

यह भी जानकारी सामने आई है कि आरोपी पहले विदेश यात्रा कर चुका है। इसके खिलाफ हत्या, डकैती, लूट और अपहरण जैसे संगीन अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। मुठभेड़ स्थल से हथियार भी बरामद किए गए हैं और फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है।

बताया जा रहा है कि परमानंद यादव झारखंड के लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत चेतर गांव का निवासी है।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment