RANCHI
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की उपस्थिति में बोकारो जिले के सैकड़ों लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। यह सदस्यता अभियान मोहम्मद इशराफील अंसारी के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने सभी नए सदस्यों को माला पहनाकर और कांग्रेस के प्रतीक चिन्ह वाला अंगवस्त्र देकर पार्टी में स्वागत किया।
इस मौके पर केशव महतो कमलेश ने उपस्थित कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि गौरवशाली इतिहास वाली कांग्रेस पार्टी से जुड़ना सम्मान और जिम्मेदारी दोनों है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश की जनता कई चुनौतियों का सामना कर रही है और ऐसे दौर में कांग्रेस की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार का दायित्व आम लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, लेकिन वह अपनी जिम्मेदारियों का ठीक से निर्वहन नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि देश में भय और अनिश्चितता का माहौल बन रहा है, जिसे बदलने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी बताया कि अगले महीने झारखंड में चुनाव आयोग की ओर से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ऐसे में प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता को आम लोगों की मदद करते हुए उन्हें इस प्रक्रिया की पूरी जानकारी देनी चाहिए, ताकि किसी भी वास्तविक नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटने न पाए।
मोहम्मद इशराफील अंसारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी समाज के हर वर्ग के हितों की बात करती है और सभी के लिए समान दृष्टिकोण रखती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि समाज को बांटने वाली ताकतों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करते हुए संगठन को मजबूत बनाएं।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सूर्यकांत शुक्ला, प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी, सोनाल शांति, जगदीश साहू, राजन वर्मा, शकील अहमद अंसारी, बोकारो जिला अध्यक्ष जवाहरलाल माहथा सहित कई नेता उपस्थित रहे।
सदस्यता ग्रहण करने वालों में मोहम्मद जमील अंसारी, रोहित मिश्रा, महेंद्र सिंह, मुकेश यादव, विशाल सिंह राजपूत, मोहम्मद रफाकत अंसारी, मोहम्मद एजाज, सूरज प्रसाद, मोहम्मद याकूब, अकबर अली, शुभांशु सिंह, सोनू कुमार, ताजउद्दीन अंसारी, अमन रजा, मोहम्मद सिकंदर, करीम अंसारी, खुर्शीद आलम और रणजीत सिंह समेत कई लोग शामिल थे।

