गोवा नाइटक्लब अग्निकांड: झारखंड के 3 मजदूरों के पार्थिव शरीर को रांची लाया गया

Shashi Bhushan Kumar
Photo: PTI

गोवा के उत्तर क्षेत्र में अरपोरा स्थित लोकप्रिय नाइट क्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ में शनिवार देर रात लगी आग ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे में कुल 25 लोगों की जान चली गई, जिनमें झारखंड के तीन युवक भी शामिल थे। सोमवार को इन तीनों के पार्थिव शरीर रांची लाए गए, जहां परिजन बिलखते नजर आए।

गोवा मेडिकल कॉलेज के शवगृह के बाहर बड़ी संख्या में परिजन जुटे रहे। कई शव पूरी तरह जल जाने के कारण पहचान करना मुश्किल हो रहा है। झारखंड और असम से पहुंचे परिवारों ने बताया कि उनके परिजन क्लब में रसोई और सहायक कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे।

मरने वालों में खूंटी जिले के लापुंग प्रखंड के फतेहपुर गांव के दो सगे भाई—24 वर्षीय प्रदीप महतो और 20 वर्षीय बिनोद महतो शामिल हैं। साथ ही कर्रा ब्लॉक के गोविंदपुर गांव के 22 वर्षीय मोहित मुंडा की भी इस हादसे में जान चली गई। मोहित करीब 11 महीने पहले पहली बार नौकरी के लिए गोवा गया था और क्लब की रसोई में काम करता था।

पार्थिव शरीर रांची लाए जाने का वीडियो सामने आया है, जिसमें परिवारों का दर्द झलक रहा है। वीडियो में कांग्रेस नेता बंधु तिर्की भी मौजूद दिखाई दिए।

प्राथमिक जांच से पता चला है कि घटना की रात वीकेंड होने के कारण क्लब में असामान्य भीड़ थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के वक्त डांस फ्लोर पर 100 से ज्यादा लोग थे, जबकि नीचे रसोई और सेवा क्षेत्र में भी कई कर्मचारी मौजूद थे। संकरी राहों के कारण लोग बाहर नहीं निकल सके।

अग्निशमन वाहनों को क्लब के ठीक पास तक पहुंचने में मुश्किल हुई। संकरी गलियों के कारण उन्हें लगभग 400 मीटर दूर रुकना पड़ा, जिससे राहत कार्य में देरी हुई और स्थिति और गंभीर हो गई।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment