बूढ़ा पहाड़ पहुंचे वित्त मंत्री, विकास कार्यों की समीक्षा और जवानों का बढ़ाया मनोबल

Shashi Bhushan Kumar

बूढ़ा पहाड़ :नक्सल प्रभाव से उबर रहे बूढ़ा पहाड़ क्षेत्र का जायजा लेने के लिए झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की, सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और वहां तैनात सुरक्षाबलों का हौसला बढ़ाया।

दौरे के क्रम में मंत्री ने कुल्ही पिकेट प्रभारी प्रदीप सिंह और बूढ़ा पहाड़ पिकेट प्रभारी वीरेंद्र पासवान के कार्यों की सराहना की। उन्होंने दोनों अधिकारियों को अपने निजी स्तर पर प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया, जिससे जवानों का मनोबल बढ़ा।

मंत्री ने टेहरी पंचायत क्षेत्र का भी दौरा किया और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर प्रभावित गांवों की स्थिति का आकलन किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं को तेज गति से लागू किया जाए और आम लोगों तक उनका लाभ समय पर पहुंचे।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य इस क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ काम करने की आवश्यकता है। मंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में बूढ़ा पहाड़ क्षेत्र में विकास की रफ्तार और तेज होगी तथा यहां के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

दौरे के दौरान स्थानीय प्रशासन को क्षेत्र की समस्याओं पर लगातार नजर रखने और उनके समाधान के लिए तत्पर रहने के निर्देश भी दिए गए।

Share This Article
शशी भूषण कुमार | पत्रकार (Journalist)- शशी भूषण कुमार 12+ वर्षों के अनुभव वाले पत्रकार हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्य करते हुए वर्तमान में Live 7 TV.com में सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में संपादकीय नेतृत्व और न्यूज़ प्लानिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे पिछले तीन वर्षों से झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग के गेस्ट फैकल्टी भी हैं। ग्रामीण पत्रकारिता पर शोध कार्य से जुड़े रहते हुए वे जमीनी और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Leave a Comment