गढ़वा के होटल में पकड़े गए जोड़े ने सड़क पर रचाई शादी, तीन अन्य जोड़ों ने भरा विवाह का बांड

Shashi Bhushan Kumar

गढ़वा, झारखंड के गढ़वा जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न होटलों में सेक्स रैकेट चलाने की सूचना पर पुलिस की छापेमारी के बाद अनोखा मामला सामने आया है। मौके पर हिरासत में लिए गए चार जोड़ों ने पुलिस और परिजनों की मौजूदगी में शादी करने का फैसला किया।

इनमें से एक जोड़े ने तो सड़क पर ही एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर विवाह रचाया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर के तिवारी इन, एसएनसी और आरडीएस सहित कई होटलों में अवैध गतिविधियों और सेक्स रैकेट का संचालन हो रहा है।

इसी आधार पर सोमवार को पुलिस ने औचक छापेमारी की। तलाशी के दौरान होटलों से करीब 12 से अधिक युवक-युवतियों और संचालकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने होटल संचालकों और मैनेजरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए कुछ को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। हिरासत में लिए गए जोड़ों में से कुछ ने पुलिस को बताया कि वे बालिग हैं और लंबे समय से आपसी सहमति से रिलेशनशिप में हैं।

उन्होंने दावा किया कि वे जल्द ही शादी करने वाले थे। इसके बाद पुलिस ने उनके परिजनों को थाने बुलाकर सत्यापन किया। परिजनों की रजामंदी के बाद एक जोड़े ने तत्काल शादी कर ली, जबकि तीन अन्य जोड़ों ने विवाह करने का लिखित बांड भरा, जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया। पुलिस ने अवैध गतिविधियों में संलिप्तता और नियमों के उल्लंघन के आरोप में तीन होटलों एसएनसी, आरडीएस और तिवारी इन को सील कर दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अनैतिक देह व्यापार और अवैध कार्यों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। फिलहाल पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Share This Article
शशी भूषण कुमार | पत्रकार (Journalist)- शशी भूषण कुमार 12+ वर्षों के अनुभव वाले पत्रकार हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्य करते हुए वर्तमान में Live 7 TV.com में सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में संपादकीय नेतृत्व और न्यूज़ प्लानिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे पिछले तीन वर्षों से झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग के गेस्ट फैकल्टी भी हैं। ग्रामीण पत्रकारिता पर शोध कार्य से जुड़े रहते हुए वे जमीनी और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Leave a Comment