RANCHI
राजधानी को जाम से मुक्त करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को कचहरी चौक के पास विशेष अभियान चलाकर सड़क किनारे लगाए गए कई अस्थायी दुकानों को हटाया गया।
अभियान के दौरान निगम की टीम ने कचहरी चौक स्थित एक सरकारी यात्री शेड पर वर्षों से किए गए अवैध कब्जे को भी हटाया। जानकारी के अनुसार इस शेड को दुकान में तब्दील कर कृषि एवं बीज भंडार का व्यवसाय संचालित किया जा रहा था, जिसे खाली कराया गया।
इसके अलावा सड़क किनारे फूल बेचने वाले दुकानदारों को भी हटाया गया, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे और अतिक्रमण करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

