मुख्यमंत्री ने रॉयल स्कूल ऑफ माइंस, इम्पीरियल कॉलेज लंदन का किया दौरा

Shashi Bhushan Kumar

लंदन/रांची।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लंदन प्रवास के दौरान क्रिटिकल मिनरल्स, उन्नत खनिज प्रसंस्करण और स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े अंतरराष्ट्रीय संवाद के तहत रॉयल स्कूल ऑफ माइंस, इम्पीरियल कॉलेज लंदन का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान की प्रमुख प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया और शोधकर्ताओं व फैकल्टी सदस्यों से गहन संवाद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड अनुसंधान और विकास पर आधारित औद्योगिक तंत्र विकसित करने की दिशा में कार्य कर रहा है, जो राज्य के न्यायसंगत और भविष्य-उन्मुख विकास के दृष्टिकोण के अनुरूप है।

दौरे के दौरान प्रोफेसर स्टीफन नीथलिंग, मार्क वेनमैन, मार्क सेप्टन, कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के प्रो. मुकेश कुमार और डॉ. सूर्या कुमार सिंह ने खनिज प्रसंस्करण, सामग्री विज्ञान, परमाणु अभियांत्रिकी और उन्नत सेंसिंग तकनीकों से जुड़े शोध कार्यों की जानकारी दी।

फैकल्टी सदस्यों ने बताया कि इम्पीरियल कॉलेज लंदन में भू-विज्ञान, सामग्री अभियांत्रिकी, कंप्यूटेशनल मॉडलिंग और नीति अध्ययन को एकीकृत कर खनन, स्वच्छ ऊर्जा और औद्योगिक डी-कार्बोनाइजेशन जैसी जटिल चुनौतियों पर कार्य किया जा रहा है।

प्रयोगशालाओं में खनिजों की पहचान, प्रसंस्करण में सुधार, मॉडलिंग और इमेजिंग से जुड़ी आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान यह भी बताया गया कि किस प्रकार प्रारंभिक स्तर के शोध को औद्योगिक उपयोग में बदला जा सकता है।

चर्चा का मुख्य विषय यह रहा कि इस तरह की तकनीकें झारखंड जैसे संसाधन-समृद्ध राज्यों को केवल खनन तक सीमित न रखते हुए वैल्यू एडिशन और उन्नत विनिर्माण की दिशा में आगे बढ़ने में कैसे मदद कर सकती हैं।

इस दौरे के माध्यम से झारखंड ने अग्रणी वैश्विक संस्थानों के साथ दीर्घकालिक शैक्षणिक और शोध साझेदारी की अपनी मंशा को दोहराया। इसमें तकनीकी विकास, कौशल निर्माण और संस्थागत क्षमता बढ़ाने जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री एवं प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने इम्पीरियल कॉलेज लंदन के साथ झारखंड में क्रिटिकल मिनरल्स और माइनिंग साइंसेज़ के क्षेत्र में एक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की दिशा में भी चर्चा की।

यह यात्रा झारखंड को क्रिटिकल मिनरल्स, उन्नत विनिर्माण और सतत औद्योगिक विकास के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment