रांची/लंदन:
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी आधिकारिक विदेश यात्रा के तहत बुधवार देर रात यूनाइटेड किंगडम की राजधानी लंदन पहुंचे। यहां पहुंचते ही झारखंडी स्कॉलर्स और भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने स्वागत की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा कि अपनों के स्नेह से वे भावुक और अभिभूत हैं।
लंदन आने से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में भाग लिया, जहां राज्य में निवेश की संभावनाओं को लेकर वैश्विक कंपनियों से संवाद किया गया।
मुख्यमंत्री के साथ इस यात्रा में उनकी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री 23 जनवरी को विश्व प्रसिद्ध ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के ब्लावटनिक स्कूल ऑफ गवर्नमेंट में व्याख्यान देंगे। इस दौरान वे आदिवासी बहुल और संसाधन-संपन्न राज्यों में सतत विकास की संभावनाओं, अनुभवों और चुनौतियों पर अपने विचार साझा करेंगे।
कार्यक्रम में ‘सस्टेनेबल और ग्रीन इंडस्ट्रियलाइजेशन, जिम्मेदार खनिज आधारित विनिर्माण और समावेशी निवेश आधारित विकास’ जैसे विषयों पर संवाद होगा। इसमें ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय की सामाजिक मानवशास्त्र की प्रोफेसर प्रो. अल्पा शाह और ब्लावटनिक स्कूल की प्रोफेसर माया ट्यूडर भी भाग लेंगी।
इस चर्चा का मुख्य फोकस प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर विकास की उस अवधारणा पर होगा, जिसे झारखंड सरकार अपने विकास मॉडल के रूप में आगे बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में व्याख्यान देने वाले झारखंड के पहले मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने कहा कि वे इस संवाद को लेकर बेहद उत्साहित हैं और इस मंच के माध्यम से झारखंड के विकास मॉडल को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
राज्य सरकार का मानना है कि यह संवाद भविष्य में निवेश, नीति निर्माण और सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

