कनाडा के स्कूल में गोलीबारी: हमलावर सहित 10 लोगों की मौत

Shashi Bhushan Kumar

ब्रिटिश कोलंबिया — कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में हुई एक सामूहिक गोलीबारी में हमलावर समेत कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस अधिकारियों ने दी है।

स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, यह घटना मंगलवार (स्थानीय समय) को टंबलर रिज शहर के एक हाई स्कूल में हुई। रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (आरसीएमपी) ने बताया कि स्कूल परिसर के भीतर छह लोग मृत पाए गए, जबकि एक अन्य व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध हमलावर भी मृत पाया गया और शुरुआती जांच से संकेत मिलता है कि उसने खुद को गोली मारी थी। यह जानकारी कनाडा के प्रमुख मीडिया संस्थान सीबीसी ने दी है।

इसके अलावा, पुलिस को एक नजदीकी घर से दो और शव मिले हैं, जिनका संबंध इसी घटना से जोड़ा जा रहा है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

स्थानीय विधायक (एमएलए) लैरी न्यूफेल्ड ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि वे स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं और पुलिस ने कई मौतों की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सक्रिय शूटर अलर्ट हटा लिया गया है, लेकिन जांच अभी जारी है।

न्यूफेल्ड ने फर्स्ट रेस्पॉन्डर्स, स्कूल स्टाफ और स्थानीय प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और पीड़ित परिवारों, छात्रों और पूरे टंबलर रिज समुदाय के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह एक छोटा शहर है और इस तरह की घटना का गहरा असर हर व्यक्ति पर पड़ता है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पुलिस को जांच पूरी करने के लिए समय दें और भरोसा दिलाया कि जैसे ही सत्यापित जानकारी मिलेगी, उसे साझा किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि किसी को इस घटना के बाद मानसिक या भावनात्मक सहारे की जरूरत हो तो वे उनसे संपर्क कर सकते हैं।

पुलिस ने बताया कि गोलीबारी के कारणों की जांच जारी है और संदिग्ध के बारे में फिलहाल कोई अतिरिक्त जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment