कैलिफोर्निया में छह दिन से लापता भारतीय छात्र का शव बरामद

Shashi Bhushan Kumar

नई दिल्ली। अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में छह दिन से लापता 22 वर्षीय भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव बरामद किया गया है। स्थानीय पुलिस ने विस्तृत खोज अभियान के बाद इसकी पुष्टि की।

साकेत मूल रूप से कर्नाटक का निवासी था और यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्केले में केमिकल एवं बायोमॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री की पढ़ाई कर रहा था। उसे आखिरी बार 9 फरवरी को विश्वविद्यालय परिसर से लगभग एक किलोमीटर दूर देखा गया था।

लापता होने के बाद अंजा झील और बर्कले पहाड़ी के आसपास के क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान टिल्डेन क्षेत्रीय पार्क के पास उसका बैग मिला, जिसमें पासपोर्ट और लैपटॉप सुरक्षित पाए गए।

सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने छात्र के शव की बरामदगी की पुष्टि करते हुए परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। दूतावास ने आश्वासन दिया है कि पार्थिव शरीर को भारत भेजने सहित सभी आवश्यक औपचारिकताओं में परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

साकेत भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, मद्रास का पूर्व छात्र था और उसने अपनी स्कूली शिक्षा बेंगलुरु के श्री वाणी शिक्षा केंद्र से पूरी की थी। वह ‘हाइपरलूप के लिए माइक्रोचैनल कूलिंग सिस्टम’ से जुड़े एक पेटेंट के छह आविष्कारकों में शामिल था। मित्रों और सहकर्मियों ने उसे मेधावी, विनम्र और भरोसेमंद व्यक्तित्व का धनी बताया है।

Share This Article
शशी भूषण कुमार | पत्रकार (Journalist)- शशी भूषण कुमार 12+ वर्षों के अनुभव वाले पत्रकार हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्य करते हुए वर्तमान में Live 7 TV.com में सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में संपादकीय नेतृत्व और न्यूज़ प्लानिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे पिछले तीन वर्षों से झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग के गेस्ट फैकल्टी भी हैं। ग्रामीण पत्रकारिता पर शोध कार्य से जुड़े रहते हुए वे जमीनी और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Leave a Comment