दुमका में पुलिस इंस्पेक्टर कार्यालय के पीछे महिला और बच्ची के शव मिले, हत्या की आशंका

Shashi Bhushan Kumar

दुमका — झारखंड की उपराजधानी दुमका में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांधी मैदान के पास सदर पुलिस इंस्पेक्टर कार्यालय के पीछे एक महिला और लगभग पांच-छह साल की बच्ची के शव पड़े मिले। घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

स्थानीय लोगों ने सुबह दोनों शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद सदर एसडीपीओ समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस के अनुसार, शवों की हालत संदिग्ध है और शुरुआती तौर पर महिला की हत्या की आशंका जताई जा रही है। यह भी संदेह है कि हत्या से पहले उसके साथ यौन उत्पीड़न हुआ हो सकता है। हालांकि, अधिकारियों ने कहा है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह भी जांच का हिस्सा है। फिलहाल दोनों की पहचान नहीं हो पाई है।

पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और लापता व्यक्तियों की रिपोर्ट से मिलान किया जा रहा है ताकि मृतकों की पहचान हो सके। कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत होती थी और अक्सर अपनी बच्ची के साथ इलाके में देखी जाती थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला के साथ कई बार एक दिव्यांग युवक भी दिखाई देता था, जो आसपास ही घूमता रहता था। पुलिस को उस पर संदेह है और उसकी तलाश की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया जा रहा है।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment