भाजपा का दोहरा चरित्र उजागर, पीएम की विदेश यात्रा पर चुप, मुख्यमंत्री पर सवाल: विनोद पांडेय

Shashi Bhushan Kumar

झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव विनोद पांडेय ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के आरोपों पर पलटवार करते हुए भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को पहले अपने रवैये पर जवाब देना चाहिए, क्योंकि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेश यात्रा पर जाते हैं तो उसे देश का गौरव और कूटनीतिक सफलता बताया जाता है, लेकिन वही बात मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मामले में गलत नजर आने लगती है।

विनोद पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा पूरी तरह राज्यहित में है, जिसका उद्देश्य निवेश आकर्षित करना, रोजगार के नए अवसर पैदा करना और झारखंड को वैश्विक मंच पर स्थापित करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जानबूझकर इस यात्रा को गलत तरीके से प्रस्तुत कर रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि गणतंत्र दिवस का आयोजन पूरी गरिमा और संवैधानिक मर्यादा के साथ किया जाएगा और इस पर किसी भी प्रकार की शंका का कोई आधार नहीं है।

झामुमो महासचिव ने सवाल उठाया कि भाजपा प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं पर कभी आपत्ति क्यों नहीं जताती। यदि विदेश जाना गलत है तो यह नियम सभी पर समान रूप से लागू होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह अनावश्यक बयानबाजी कर रही है। साथ ही उन्होंने दोहराया कि हेमंत सोरेन सरकार आदिवासी हित, सामाजिक न्याय, कानून-व्यवस्था और रोजगार सृजन को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

विनोद पांडेय ने कहा कि जनता भाजपा की राजनीति को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब भी देगी।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment