बिहार: मधुबनी में अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

Shashi Bhushan Kumar

बिहार के मधुबनी जिले में पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से बड़ी मात्रा में डिजिटल उपकरण और नकदी बरामद की गई है।

पुलिस कार्रवाई में सात सिम बॉक्स, 136 मोबाइल फोन व सिम कार्ड, कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, साइबर अपराध में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और 1.68 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं। यह ऑपरेशन खुफिया सूचनाओं के आधार पर संयुक्त टीम ने अंजाम दिया, जिसमें आईबी, ईओयू, डीआईयू, एसएसबी, दूरसंचार विभाग, नगर थाना और साइबर थाना की टीमें शामिल थीं।

मधुबनी के पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि सबसे पहले नगर थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक मोबाइल रिपेयर सेंटर पर छापा मारा गया। इसके बाद तिरहुत कॉलोनी में रहने वाले मनदीप कुमार, मोहम्मद एहसान, रौशन कुमार और विकास कुमार के ठिकानों पर छापेमारी कर चारों को गिरफ्तार किया गया।

एसपी ने बताया कि मनदीप कुमार और रौशन कुमार मिलकर तिरहुत कॉलोनी स्थित एक कमरे से अवैध टेलीकॉम सेटअप संचालित कर रहे थे। सिम बॉक्स और निजी टेलीकॉम उपकरणों की मदद से वे एक ट्रंकिंग सिस्टम के जरिए चीन, कंबोडिया, थाईलैंड, म्यांमार समेत अन्य देशों में बैठे साइबर अपराधियों से जुड़े हुए थे।

यह गिरोह अवैध टेलीकॉम एक्सचेंज चला रहा था, जिसके जरिए अंतरराष्ट्रीय वीओआईपी कॉल को स्थानीय कॉल में बदल दिया जाता था। इससे विदेशी ठग अपनी पहचान छिपाकर भारत में लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।

पूछताछ में मनदीप ने बताया कि रौशन ने उसे सात सिम बॉक्स और सिम कार्ड उपलब्ध कराए थे, जिसके बदले उसे प्रति सिम 800 रुपये दिए गए थे। जांच में पता चला है कि ये सिम कार्ड फर्जी या अनजान व्यक्तियों के नाम पर लिए गए थे और उपयोग के बाद डिजिटल सबूत मिटाने के लिए निष्क्रिय कर नष्ट कर दिए जाते थे।

बरामद सभी उपकरण जब्त कर लिए गए हैं और आरोपियों के खिलाफ साइबर अपराध से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Share This Article
Digital Head,Live-7, Committed to impactful journalism, Shashi Bhushan Kumar continues to bring meaningful narratives to the public with diligence and passion. Active Journalist since 2012.
Leave a Comment