बिहार: मोबाइल नंबर ब्लॉक करने पर युवती पर एसिड अटैक, आरोपी गिरफ्तार

Shashi Bhushan Kumar

मोतिहारी।
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पताही थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने युवती पर एसिड फेंककर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना खुटौना गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, युवती रविवार रात अपनी मां के साथ कमरे में सो रही थी, तभी आरोपी घर में घुस आया और अंधेरा कर युवती पर एसिड फेंक दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। एसिड गिरते ही युवती की चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

स्थानीय लोगों की मदद से पीड़िता को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़िता का बयान दर्ज किया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह मामला एकतरफा प्रेम से जुड़ा है। आरोपी युवक युवती से मोबाइल पर बातचीत करता था, लेकिन कुछ दिन पहले युवती ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया था, जिससे नाराज होकर युवक ने यह खौफनाक कदम उठाया। आरोपी युवती का रिश्तेदार भी बताया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment