GODDA
झारखंड के गोड्डा जिले में सोमवार को एक बैंक में लूट की कोशिश को समय रहते विफल कर दिया गया। महगामा क्षेत्र के केंचुआ चौक स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में चार हथियारबंद बदमाश घुस आए और दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की। घटना में बैंक का एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, अपराधियों ने बैंक में प्रवेश करते ही दो राउंड गोली चलाई और गार्ड की बंदूक छीनने का प्रयास किया। इस दौरान सुरक्षाकर्मी विनोद कुमार सिंह को गोली लगी। उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
बैंक प्रबंधन की सतर्कता से बड़ी वारदात टल गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही प्रबंधक ने अलार्म सिस्टम सक्रिय कर दिया और एहतियात के तौर पर लॉकर सेक्शन को बंद करा दिया। इसके चलते हमलावर नकदी या लॉकर तक नहीं पहुंच सके और सुरक्षा सख्त होते देख भाग निकले।
सूचना मिलते ही महगामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस टीम आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर रही है। बैंक परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
महगामा इलाका बिहार सीमा के पास स्थित है, जिससे अपराधी वारदात के बाद सीमा पार भागने की कोशिश करते हैं। इससे पहले भी इस क्षेत्र में बैंक ग्राहकों से लूट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।

