RANCHI
कार्प वेलफेयर ट्रस्ट के अंतर्गत संचालित एससीएसएन विशेष विद्यालय द्वारा विश्व ऑटिज़्म जागरूकता दिवस के अवसर पर गुरुवार को एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य समाज में ऑटिज़्म के प्रति जागरूकता फैलाना और समावेशिता का संदेश देना था।

यह रैली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित की गई, जो विकास नगर रोड नंबर 2 स्थित विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर बिरसा चौक तक निकाली गई। रैली में करीब 100 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें विद्यालय के छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य शामिल थे।
कार्यक्रम का संचालन संस्था की संस्थापक रश्मि नायर के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किया गया। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने बैनर और तख्तियों के माध्यम से लोगों को ऑटिज़्म के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। इस अवसर पर “हम सब एक हैं” का नारा प्रमुख रूप से दिया गया, जो समाज में समानता और स्वीकार्यता को बढ़ावा देता है।
उल्लेखनीय है कि एससीएसएन विशेष विद्यालय में ऑटिज़्म, डाउन सिंड्रोम, मानसिक मंदता एवं सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित बच्चों को न केवल शैक्षणिक शिक्षा प्रदान की जाती है, बल्कि विभिन्न प्रकार की चिकित्सीय सेवाएं (थेरेपी) भी उपलब्ध कराई जाती हैं।

