मानवता की मिसाल: जुमार नदी तट पर 31 लावारिस शवों को मिली गरिमामय विदाई

Shashi Bhushan Kumar

रिम्स में पड़े 31 लावारिस शवों का आज मुक्ति संस्था की ओर से कांके स्थित जुमार नदी तट पर पूरे विधि-विधान के साथ सामूहिक अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने मुखाग्नि दी। कार्यक्रम में संस्था से जुड़े कई सदस्य और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि मुक्ति संस्था वर्षों से रिम्स के पोस्टमार्टम विभाग में पड़े लावारिस शवों का समय-समय पर सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार करती आ रही है। इसके अलावा, विभिन्न स्थानों से मिलने वाले लावारिस शवों की सूचना पर भी संस्था आगे बढ़कर उनका अंतिम संस्कार सुनिश्चित करती है।

संस्था इस सेवा कार्य को अपने सदस्यों के सहयोग से निरंतर संचालित कर रही है। अध्यक्ष प्रवीण लोहिया लंबे समय से इस कार्य को सेवा भाव के साथ करते आ रहे हैं। हाल के वर्षों में रिम्स में लावारिस शवों की संख्या में वृद्धि देखी गई है, जिसके चलते संस्था की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है।

मुक्ति संस्था न केवल लावारिस शवों का अंतिम संस्कार करती है, बल्कि निर्धन परिवारों को भी अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में सहायता प्रदान करती है। कोरोना काल के दौरान भी संस्था ने उल्लेखनीय सामाजिक सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया था।

यह पहल समाज में मानवीय संवेदनाओं और सम्मानजनक विदाई की मिसाल बनती जा रही है।

Share This Article
Live-7 TV
Leave a Comment