अल्लू अर्जुन ने हैदराबाद में लॉन्च किया ‘अल्लू सिनेमाज’, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का जताया आभार

Shashi Bhushan Kumar

मुंबई, साउथ सिनेमा के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन ने हैदराबाद में भारत का सबसे बड़ा डॉल्बी सिनेमा लॉन्च किया। इस लॉन्च इवेंट की कुछ तस्वीरें अभिनेता ने शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम पर शेयर कीं।

पोस्ट की गई तस्वीरों में अल्लू परिवार समेत गेस्ट के साथ नजर आ रहे हैं। अभिनेता ने अपनी पोस्ट के जरिए सभी का आभार जताया। उन्होंने लिखा, “‘अल्लू सिनेमाज’ की शुरुआत हो गई है। मैं इस लॉन्च के लिए माननीय मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। साथ ही, भाटी विक्रमारका, कोमाटी रेड्डी व वेंकट रेड्डी का भी सहयोग और मौजूदगी के लिए धन्यवाद।”

उन्होंने लिखा, “इस सपने को सच करने के लिए पीछे से कड़ी मेहनत करने वाले सभी स्टाफ और टीम के सदस्यों का दिल से धन्यवाद। गीता आर्ट्स का भी खास शुक्रिया। मैं हैदराबाद में बने भारत के सबसे बड़े डॉल्बी सिनेमा का जादू अनुभव करने के लिए सभी को आमंत्रित करता हूं।”

अल्लू सिनेमाज’ नामक डॉल्बी सिनेमा लॉन्च कर अभिनेता अल्लू अर्जुन ने एक और प्रसिद्धि अपने नाम कर ली है। हालांकि, इसके बारे में अधिक जानकारी अभी निकलकर सामने नहीं आई है, लेकिन अल्लू ने पोस्ट के जरिए इसका अनुभव लेने के लिए सभी से कहा है।

फिल्मों में अभिनय के अलावा उनका ‘गीता आर्ट्स’ नामक प्रोडक्शन हाउस है, जो उनके परिवार का है। इसके अलावा, उन्होंने 2022 में अपना खुद का ‘अल्लू स्टूडियो’ खोला है। इसके अलावा, जून 2023 में, उन्होंने हैदराबाद में ‘एएए सिनेमाज’ नामक एक मल्टीप्लेक्स लॉन्च किया था। अल्लू ओटीटी प्लेटफॉर्म से भी जुड़े हैं और उनका खुद का ‘आहा’ नामक ओटीटी प्लेटफॉर्म है।

अल्लू एक ऐसे परिवार से ताल्लुक रखते हैं, जो लंबे समय से मनोरंजन जगत में योगदान दे रहा है। उनके पिता अल्लू अरविंद एक प्रसिद्ध फिल्म निर्माता हैं और दादा अल्लू रामलिंगैया टॉलीवुड के दिग्गज हास्य अभिनेता थे। वे मेगास्टार चिरंजीवी के भांजे और रामचरण के चचेरे भाई हैं।

Share This Article
शशी भूषण कुमार | पत्रकार (Journalist)- शशी भूषण कुमार 12+ वर्षों के अनुभव वाले पत्रकार हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्य करते हुए वर्तमान में Live 7 TV.com में सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में संपादकीय नेतृत्व और न्यूज़ प्लानिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे पिछले तीन वर्षों से झारखंड स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग के गेस्ट फैकल्टी भी हैं। ग्रामीण पत्रकारिता पर शोध कार्य से जुड़े रहते हुए वे जमीनी और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को मुख्यधारा तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Leave a Comment